ढाई साल पहले धरने पर बैठी महिला को बहन बनाकर गए विधायक जी, विकास कार्य तो दूर दोबारा देखने भी नहीं पहुंचे
फिरोजाबाद,यूपी। लोकसभा चुनाव आने को हैं। सत्ता पक्ष के नेता लोगों को विकास कार्य कराए जाने के सजग दिख रहे हैं। ढाई साल पहले जिस कच्चे रास्ते के लिए वृद्ध महिला मुहल्लेवासियों के साथ धरने पर बैठी थी। आज फिर विकास कार्य न होने पर वृद्ध महिला धरने पर बैठ गई। महिला का कहना है कि ढाई साल पहले सदर विधायक हड़ताल के दौरान उनके धरना स्थल पर आए थे और पानी पिलाकर धरना समाप्त करा दिया था। उस समय उन्होंने महिला को अपनी बहन बनाया था। आज वही बहन अपने मुंहबोले भाई का इंतजार धरना स्थल पर कर रही है।
शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र और नगर निगम के वार्ड संख्या 34 ठार पूठा रोशनी नगर में बदहाल हालात हैं। कच्ची गलियों में हो रहे जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। मुहल्लेवासी नारकीय जीवन जी रहे हैं। जब कहीं से भी बात नहीं बनी तो मुहल्लेवासी वार्ड में ही धरने पर बैठ गए। जहां उन्होंने विधायक और नगर निगम के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। हड़ताल पर बैठी वृद्ध महिला मुन्नी देवी ने बताया कि ढाई साल पहले भी मुहल्ले के लोग कच्ची गलियों को पक्का कराने के लिए धरने पर बैठे थे। उस समय सदर विधायक मनीष असीजा उनके पास आए थे और सड़कों को पक्का कराए जाने का आश्वासन देकर उनके धरने को समाप्त करा दिया था। उस समय विधायक ने महिला को अपनी बहन बना लिया था। उसके बाद विधायक उनकी समस्या सुनने भी नहीं आए। सड़क और नाली निर्माण न होने से परेशान मुहल्लेवासी दोबारा धरने पर बैठे हैं। जलभराव रहने के कारण बीमारियां फैलने का डर बना रहता है।