अटल जी की काव्य चेतना पर मुक्त विश्वविद्यालय में आज राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन।

त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट

आईएएस डॉ अखिलेश कुमार मिश्र की राम कथा से आज गूंजेगा परिसर

Prayagraj,up: अटल बिहारी बाजपेई सुशासन पीठ, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय एवं हिंदुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार 26 दिसंबर 2023 को अपराह्न 3:00 बजे मुक्त विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर स्थित लोकमान्य तिलक शास्त्रार्थ सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित अटल बिहारी बाजपेई के 99वें जन्मोत्सव के अंतर्गत अटल जी की काव्य चेतना एवं राष्ट्रीयता विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम समन्वयक एवं अटल सुशासन पीठ के निदेशक प्रोफेसर पी के पांडेय तथा कार्यक्रम संयोजक एवं हिंदुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज के सचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी के मुख्य अतिथि अंबरीश, केंद्रीय मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, नई दिल्ली तथा मुख्य वक्ता प्रोफेसर ऋषिकांत पांडेय, विभागाध्यक्ष, दर्शनशास्त्र विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय होंगे। राष्ट्रीय संगोष्ठी की अध्यक्षता मुक्त विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह करेंगी।

आयोजन मंडल की तरफ से पंडित अटल बिहारी बाजपेई के व्यक्तित्व के कवि पक्ष पर आधारित शोध पत्र 27 दिसंबर तक आमंत्रित किए गए है। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत विश्वविद्यालय के यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र में सायं 5:00 बजे से राम कथा का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है। श्री राम कथा वाचक डॉ अखिलेश कुमार मिश्र, आई ए एस होंगे। उक्त आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शैक्षिक परामर्शदाता, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी एवं अन्य प्रबुद्धजन श्रीरामकथा का श्रवणपान करेंगे।